केपी कॉलेज के शिक्षकेत्तर कर्मचारियो ने बुधवार से दो दिवसीय सांकेतिक कलमबंद हड़ताल कर दिया है। शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि महासंघ, पटना के आह्वान पर 15 सूत्री मांगों के समर्थन में 6 मई एवं 7 मई को यह हड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रमुख मांगों में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप वेतन सुधार, ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करना तथा शिक्षकों की तरह शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करना शामिल है। इसके अलावा चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के वेतन संशोधन की मांग भी उठाई गई है।
हड़ताल के दौरान कॉलेज परिसर में कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। मौके पर शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के सचिव महेश राम, नीरज कुमार निराला, देवाशीष देव, अभिषेक कुमार, मीना कुमारी, शोभा देवी, विवेक कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Post a Comment