Top News

सांसद तारिक अनवर ने किया काढ़ागोला रोड स्टेशन का निरीक्षण, कई रेल परियोजनाओं को लेकर दिए बड़े संकेत




आदर्श चौधरी | बरारी, कटिहार
बरारी प्रखंड के दौरे पर पहुंचे सांसद तारिक अनवर ने शनिवार को अमृत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे काढ़ागोला रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से समस्याओं और मांगों की जानकारी ली तथा उन्हें रेल मंत्रालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। मीडिया से बातचीत में सांसद ने बताया कि काढ़ागोला, सेमापुर, कटिहार और बखरी क्षेत्र से जुड़ी कई रेल सुविधाओं एवं विकास योजनाओं का प्रस्ताव रेल मंत्रालय को भेजा गया है। इनमें से कई मांगों को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि कुछ प्रस्तावों पर विभागीय स्तर पर विचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि सेमापुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म उच्चीकरण, पेयजल एवं शौचालय सुविधा, स्टेशन के समीप जर्जर सड़क के निर्माण तथा फुट ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं काढ़ागोला रोड स्टेशन को जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति और 5-बी अंडरपास तक रेलवे शिलापट्ट बिछे होने से यात्रियों व राहगीरों को हो रही परेशानी को लेकर भी प्रस्ताव भेजा गया है। विभागीय जांच के बाद जल्द मरम्मत कार्य शुरू होने की संभावना जताई गई है।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय किसानों और व्यापारियों ने कृषि उत्पादों के परिवहन को आसान बनाने के लिए काढ़ागोला स्टेशन पर रेक प्वाइंट स्थापित करने की मांग उठाई। सांसद ने बताया कि सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली टाटा लिंक एक्सप्रेस (28181/82) को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव रेल विभाग को भेजा गया है, जो फिलहाल विचाराधीन है।
इसके अलावा यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए अवध-असम एक्सप्रेस (15909/10) के काढ़ागोला रोड स्टेशन पर ठहराव के लिए भी रेल मंत्रालय से अनुरोध किया गया है। सांसद ने उम्मीद जताई कि इस दिशा में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जा सकता है।
सांसद ने यह भी बताया कि काढ़ागोला स्टेशन पर स्थायी रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन कर्मियों एवं आवासीय क्वार्टर की कमी के कारण फिलहाल केवल एक अधिकारी की तैनाती हो पाई है। उन्होंने कहा कि रेल विभाग से संबंधित जनहित के सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा । हालांकि कार्यक्रम के अंत में स्थानीय लोगों ने काढ़ागोला गंगा घाट पर वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग उठाई। इस पर सांसद ने स्पष्ट किया कि यह मामला रेल मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। पुल निर्माण को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने से उपस्थित लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील यादव, प्रखंड अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह, जहांगीर, मो. मस्कुर, अवधेश मंडल, राजकुमार मेहता, भोला सिंह, शिवपूजन पासवान, अमित चौधरी, धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेल कर्मचारी एवं रेल पुलिस के जवान मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post