बिहार राज्य दलपति ग्राम रक्षा दल महासंघ की ओर से भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र के लाठी पंचायत स्थित सरकारी भवन, लाठी सोनडीहा सरस्वती स्थान प्रांगण में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल मेहता ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्राम रक्षा दल के सदस्यों एवं दलपतियों के लंबित प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड दलपति अध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा कि विभागीय अधिसूचना संख्या 100080 दिनांक 15 दिसंबर 2015 के तहत ग्राम रक्षा दल के सदस्यों, क्षेत्र पदाधिकारियों एवं दलपतियों को प्रशिक्षण देने का स्पष्ट प्रावधान है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम रक्षा दल के सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाना है, ताकि वे अधिनियम एवं नियमावली में निर्धारित दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को उनकी संपूर्ण कार्यावधि में कम से कम दो बार प्रशिक्षण अवश्य मिले। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि लंबित प्रशिक्षण कार्यक्रम को शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
बैठक में जिला मंत्री मुकेश कुमार साह, जिला महिला मंत्री सुनीता यादव, प्रखंड उपाध्यक्ष सुमन कुमार स्नेही, प्रखंड कार्यकारिणी अध्यक्ष मुकेश कुमार, पंचायत अध्यक्ष कैलाश शर्मा, प्रखंड सचिव रविंद्र राम, उमेश मंडल समेत सैकड़ों दलपति एवं ग्राम रक्षा दल के सदस्य मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में प्रशिक्षण कार्यक्रम जल्द शुरू कराने की मांग उठाई।
Post a Comment