कोढ़ा नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति के गठन में वार्ड पार्षद धर्मवीर चौधरी उर्फ पिंटू चौधरी, विमल कुमार और पूजा शर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। उनके चयन से नगर विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रखंड मुख्यालय में निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी योगेंद्र कुमार की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। पांच पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन दो प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लेने के बाद तीन सीटों पर तीन ही उम्मीदवार शेष रह गए, जिसके बाद सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
निर्वाचन के बाद धर्मवीर चौधरी उर्फ पिंटू ने कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी, सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने निर्विरोध निर्वाचन को लोकतांत्रिक सहमति और सौहार्द का उदाहरण बताते हुए नव निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ राजकुमार पंडित, बीडीओ फलका सन्नी सौरव तथा प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment