भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच नगर पंचायत भवानीपुर क्षेत्र के शिशवा एवं सिंघियान कॉर्नर स्थित सरकारी आरओ पेयजल केंद्र पिछले लगभग दो महीनों से बंद पड़ा हुआ है। बिहार सरकार के सौजन्य से नगर पंचायत भवानीपुर के वार्ड संख्या-15 में लगाया गया यह आरओ प्लांट फिलहाल केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में राहगीरों और आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आरओ लगाया गया था, लेकिन लंबे समय से बंद रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खासकर बाजार आने-जाने वाले राहगीर और आसपास के ग्रामीण पेयजल संकट से परेशान हैं।
ग्रामीण संतोष कुमार, बबलू सिंह, रंजन सिंह, रंजीत सिंह, विजय सिंह, मनोज शर्मा, शिमा देवी, राजेंद्र शर्मा, निखिल कुमार एवं श्रवण सिंह सहित दर्जनों लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि संबंधित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द आरओ पेयजल केंद्र को चालू नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
वहीं नगर पंचायत भवानीपुर की कार्यपालक पदाधिकारी कशिश कुमारी से इस संबंध में जानकारी लेने के लिए कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
Post a Comment