Top News

ग्रीष्मावकाश में प्रशिक्षण का शिक्षक संघ ने किया विरोध, स्थगित करने की मांग


बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ, जिला शाखा पूर्णिया ने ग्रीष्मावकाश के दौरान प्रस्तावित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का विरोध करते हुए इसे तत्काल स्थगित करने की मांग की है। जिला अध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि शिक्षा विभाग के पूर्व निर्देशों के अनुसार ग्रीष्मावकाश अवधि में शिक्षकों के लिए किसी प्रकार का प्रशिक्षण आयोजित नहीं किया जाता रहा है, ताकि वे अपने पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

उन्होंने कहा कि अधिकांश शिक्षकों ने अवकाश अवधि के लिए पहले से ही विभिन्न कार्यक्रम तय कर रखे हैं। कई शिक्षक अपने माता-पिता एवं परिजनों के इलाज, पारिवारिक जिम्मेदारियों तथा बच्चों के साथ समय बिताने की योजना बना चुके हैं। ऐसे में अवकाश के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना शिक्षकों के लिए असुविधाजनक होगा और विभागीय निर्देशों की भावना के भी विपरीत है।

संघ ने मांग की है कि पूर्णिया जिले के किसी भी शिक्षक की प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिनियुक्ति नहीं की जाए तथा प्रशिक्षण को ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद आयोजित किया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षकों के हितों की अनदेखी कर अवकाश अवधि में प्रशिक्षण कराया गया तो संगठन लोकतांत्रिक एवं वैधानिक आंदोलन चलाने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी।

प्रेस विज्ञप्ति जारी करने के दौरान जिला कोषाध्यक्ष घनानंद मंडल, सचिव राजाराम पासवान, दिलीप कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार, रंजन कुमार नीरज, नगर अध्यक्ष अभिषेक पंकज, अरुणाभ मिश्रा, पंकज जायसवाल, चंदन कुमार, शकील आलम, तरुण पासवान सहित कई शिक्षक मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post