शहर के सौदागरपट्टी रोड में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी Flipkart के पार्सल ले जा रहे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। बंद कंटेनर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने चालक को इसकी सूचना दी, जिसके बाद वाहन को बीच सड़क पर रोक दिया गया।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कंटेनर को खोला। कंटेनर खुलते ही अंदर से काले धुएं का घना गुबार निकलने लगा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन कंटेनर में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुट गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कंटेनर में रखे कितने पार्सल और सामान जलकर नष्ट हुए हैं। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
Post a Comment