Top News

भारत-नेपाल सीमा पर सख्ती: पहचान पत्र अनिवार्य, जोगबनी बॉर्डर पर दिनभर अफरा-तफरी


पडोसी देश नेपाल की बालेन सरकार ने भारत-नेपाल सीमा पर आवाजाही को लेकर नया नियम मंगलवार से सख़्ती से लागू कर दिया है। अब भारत से नेपाल जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं नेपाल से भारत आने वाले लोगों को भी परिचय पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रशासन के अनुसार आधार कार्ड अथवा सरकार द्वारा जारी कोई भी वैध पहचान पत्र मान्य होगा।
नई व्यवस्था लागू होते ही मंगलवार को जोगबनी स्थित भारत-नेपाल सीमा पर दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सीमा पर तैनात नेपाल पुलिस और सुरक्षाकर्मी पहचान पत्रों की सघन जांच करते दिखे। जांच प्रक्रिया के कारण सीमा पार करने वाले वाहनों और राहगीरों की लंबी कतारें लग गईं। बताया जाता है कि कोलकाता से आने वाली ट्रेन के जोगबनी स्टेशन पहुंचते ही बड़ी संख्या में यात्री नेपाल जाने के लिए सीमा पर पहुंचे। लेकिन नेपाल पुलिस के जवान प्रत्येक व्यक्ति से पहचान पत्र की मांग कर रहे थे। पहचान सत्यापन के बाद ही लोगों को नेपाल में प्रवेश दिया जा रहा था। जिन लोगों के पास वैध पहचान पत्र नहीं था, उन्हें सीमा से वापस लौटा दिया गया।
अचानक इतनी सख़्ती से लागू हुई इस नियम के कारण कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग बिना पहचान पत्र के नेपाल जाने पहुंचे थे, जिन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जांच को लेकर नेपाल प्रशासन मंगलवार को काफी सक्रिय नजर आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए नियम की पूर्व सूचना नहीं मिलने के कारण यात्रियों को अधिक दिक्कत हुई। वहीं प्रशासन का कहना है कि सीमा पार आवाजाही को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post