Top News

रास्ते की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट, बंदूक तानने का आरोप

रौटा थाना क्षेत्र के असियानी पंचायत अंतर्गत मिर्जापुर गांव में रास्ते की जमीन को लेकर शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। इस दौरान मारपीट और हथियार के बल पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित हसेबुल ने रौटा थाना में दिए आवेदन में बताया कि मौजा मिर्जापुर स्थित खाता संख्या-134 एवं खेसरा संख्या-872, 873 और 866 की जमीन पैतृक बंटवारे में उसके हिस्से में आई थी। इसमें पक्की सड़क तक जाने के लिए रास्ता भी शामिल है। पीड़ित के अनुसार उक्त रास्ते की जमीन पर गांव के ही जवादुल समेत अन्य लोगों ने जबरन कब्जा कर दीवार निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जवादुल घर से बंदूक लेकर आया और जान मारने की नीयत से बंदूक तान दिया, हालांकि घर की महिलाओं ने बंदूक छीन ली। इसके बाद लाठी-डंडे से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी सहेली बेगम के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। घायल दंपति का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैसा में कराया गया। पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि पूर्व में भी रास्ते के मामले को लेकर डीसीएलआर न्यायालय एवं आयुक्त न्यायालय से फैसला उसके पक्ष में आ चुका है, बावजूद विपक्षी पक्ष कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
वही थानाध्यक्ष कुमार सौरव ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन मिला है। जिसका जांच किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post