Top News

मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, हालत नाजुक

आक्रोशित ग्रामीणों ने बरारी-कटिहार सड़क जाम कर न्याय की मांग की
कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी भंडारतल पंचायत के बिसहरिया गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया । प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिसहरिया गांव निवासी मोहन कुमार और अमरजीत चौहान सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया । घटना से नाराज ग्रामीणों ने बरारी-कटिहार मुख्य सड़क को बांस-बल्ला लगाकर और आगजनी कर जाम कर दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कई घंटों तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध मिट्टी ढुलाई का काम बेखौफ तरीके से चल रहा है। तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है । आक्रोशित ग्रामीण दोषी ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, अवैध मिट्टी ढुलाई पर रोक लगाने तथा घायलों के समुचित इलाज की मांग कर रहे हैं। वहीं बरारी पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी रही, ताकि सड़क जाम समाप्त कराया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post