बरारी थाना क्षेत्र के सोती गुरमेला इलाके में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा को जब्त कर लिया। संयुक्त छापेमारी के दौरान अवैध रूप से चल रहे खनन कार्य को तत्काल बंद करा दिया गया। वहीं एक पोकलेन मशीन एवं एक हाइवा खराब रहने के कारण मौके पर ही लॉक कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है । मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह प्रभारी खनन पदाधिकारी योगेंद्र कुमार, बरारी अंचलाधिकारी मनीष कुमार एवं बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरमेला क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया । छापेमारी के दौरान मौके पर अवैध खनन होता पाया गया। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान खनन कार्य में प्रयुक्त एक पोकलेन मशीन एवं एक हाइवा तकनीकी खराबी के कारण मौके पर ही पाए गए, जिन्हें लॉक कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बरारी अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
Post a Comment