Top News

आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला, एस आई सहित चार पुलिसकर्मी घायल, दो वाहन क्षतिग्रस्त

फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर आरोपी और उसके परिजनों के द्वारा हमला कर दिया। घटना में टाउन थाना में पदस्थापित एस आई सहित चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने ईंट पत्थर से हमला कर दो पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार देर रात घटित घटना के बाद एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर आसपास के थानों से पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जमकर लाठियां चटकाई। जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने मौके से 45 लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि पूछताछ के बाद घटना में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार कर शेष लोगों को बांड भरा कर रिहा कर दिया गया। थानाध्यक्ष निसार अहमद के फर्द बयान पर टाउन थाना में 14 आरोपियों सहित 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात टाउन थाना कांड संख्या 502/25 के फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एस आई प्रिति कुमारी के नेतृत्व में टीम खगड़ा माछमारा छापामारी करने पहुंची थी। पुलिस ने मामले के आरोपी मुसरफ उर्फ मुसरफ अंसारी पिता मकिरा अंसारी और सकील उर्फ महजादा पिता साहिद को गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही पुलिस टीम दोनों को लेकर माछमारा चौक पहुंची 60-70 लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और दुर्व्यवहार करने लगे। कुछ ही देर बाद भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। भीड़ में शामिल महिला और पुरुष ईंट पत्थर बरसाने लगे। जबकि कुछ ने लाठी और लोहे के रड से टीम पर हमला कर दिया।
घटना में एस आई प्रिति कुमारी, गृहरक्षक मनीष कुमार, बबली कुमारी और आशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में बीआर 37 पी 4490 और बीआर 37 जीबी 0297 नंबर का पुलिस वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घायल पुलिस कर्मियों के द्वारा वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दिये जाने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर आसपास के थानों से पुलिस पदाधिकारी और कर्मी किशनगंज पहुंच गए। पुलिस लाइन से लाठी बल को भी बुलाया गया। एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने इलाके की घेराबंदी कर ली और उपद्रवियों पर जमकर लाठियां चटकाई। 
पुलिस ने छापेमारी कर माछमारा निवासी नसीम पिता मुस्ताक, अजीम अंसारी पिता अनवारूल अंसारी, जमशेद पिता कलुवा, सज्जाद पिता बिद्ध उर्फ मकीन, रमजान पिता मतेबुल अंसारी, मुन्ना पिता तसलीम के साथ साथ खगड़ा पासवान टोला निवासी मौला अली पिता अकबर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि माछमारा निवासी डोमा उर्फ खुरशेद पिता कलुवा, रोहित पिता कलुवा, नरगिस पति जमशेद, कलुआनी उर्फ बेगम पति कलुवा, कलुवा पिता कादिर अंसारी, अरमान पिता सरीफ, छोटु पिता मुना, नसीम पिता झरूआ, महजादी पति मुसरफ, कैयुम पिता सिंकन्दर, लाल बानु पति मकीरा, निशा पति अजीम, अंजुम पति सज्जाद, गुड्डु पिता कालू सहित अन्य 50 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो जाने में सफल रहा। जिनकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस टीम पर जान लेवा हमला करने और सरकारी संपति को क्षति पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया। जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post