Top News

पौआखाली थाना अध्यक्ष को किया गया निलंबित, कर्तव्य में लापरवाही का आरोप

कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने पौआखाली थाना के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पाई गई भारी कमियों के बाद, पुलिस अवर निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अंकित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. दरअसल, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा पौआखाली थाना का शुक्रवार को वार्षिक निरीक्षण किया गया था. इस दौरान यह देखने को मिला है कि, साल 2023 से अब तक विभिन्न स्तर के अधिकारियों द्वारा थाने का सात बार निरीक्षण किया जा चुका है, लेकिन मात्र एक बार के निर्देशों का ही पालन किया है. निरीक्षण की तिथि पूर्व से निर्धारित होने के बावजूद, थानाध्यक्ष द्वारा निरीक्षण से संबंधित कोई तैयारी नहीं की गई थी. तत्कालीन पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में निर्गत निरीक्षण टिप्पणी का भी अनुपालन नहीं किया गया, जो सीधे तौर पर आदेशों का उल्लंघन है. पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष के इस रवैये को कर्तव्यहीनता, मनमानापन, अनुशासनहीनता और एक अयोग्य पुलिस पदाधिकारी का परिचायक मानते हुएथानाध्यक्ष अंकित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें केवल सामान्य जीवन-यापन भत्ता देय होगा. उनसे विभागीय जांच के विरुद्ध स्पष्टीकरण की मांग की गई है. वहीं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि, किशनगंज पुलिस कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्ट आचरण के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है. दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई से जिला पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. एसपी की इस सख्त कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि फील्ड में तैनात अधिकारियों को न केवल सक्रिय रहना होगा, बल्कि वरीय अधिकारियों के आदेशों का अक्षरशः पालन भी करना होगा.

Post a Comment

Previous Post Next Post