Top News

सर्वोदय आश्रम के पास बिजली तार में शॉर्ट सर्किट, निकले आग के गोले


भवानीपुर/बमबम यादव 
भवानीपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर बाजार स्थित सर्वोदय आश्रम के कुमोद यादव के मेडिकल के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली पोल के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग के बड़े-बड़े गोले निकलने लगे। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बिजली तार से तेज चिंगारी उठने लगी और कुछ ही देर में आग के गोले निकलने लगे। लोगों ने तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि घटना के समय तार के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। स्थानीय निवासी मोहम्मद चांद रजा ने कहा कि भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जर्जर तार और खराब रखरखाव के कारण लोगों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है।

वहीं भवानीपुर प्रखंड राजद अध्यक्ष डॉ. जमशेद आलम ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में जहां-जहां पुराने बिजली तार लगे हुए हैं, उन्हें बिजली विभाग अविलंब बदलकर दुरुस्त करे, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

इस संबंध में भवानीपुर के कनीय अभियंता दशरथ मंडल ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की सूचना मिलते ही विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया। तकनीकी खराबी की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुराने और जर्जर तारों को चरणबद्ध तरीके से बदलने की प्रक्रिया भी जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भवानीपुर में इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। इससे पहले भी कई बार बिजली तारों से चिंगारी और आग निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post