पूर्णिया जिले के के.नगर थाना क्षेत्र से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। जिस पति ने प्रेम विवाह कर सात जन्म तक साथ निभाने का वादा किया था, उसी ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारकर उसका शव मिट्टी में दफना दिया। हत्या के करीब दो महीने बाद जब सच सामने आया तो पुलिस और परिजन भी सन्न रह गए। मृतका की पहचान के. नगर थाना क्षेत्र के झुन्नी इस्तेम्बरार पंचायत के वार्ड संख्या-01 कब्रिस्तान टोला निवासी 23 वर्षीय नुसरत प्रवीण के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके पति मो. महबूब आलम पर लगा है। आरोपी ने अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के बालू टोल संथाली टोला स्थित निर्माणाधीन कॉलेज परिसर में पत्नी की हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया था।
पांच साल पहले हुई थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक करीब पांच वर्ष पहले नुसरत और महबूब ने प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन बाद में गांव और समाज के लोगों की मौजूदगी में मुस्लिम रीति-रिवाज से दोनों की शादी करा दी गई। लेकिन शादी के बाद से ही दोनों की जिंदगी में परेशानियां शुरू हो गईं। आरोप है कि महबूब के परिवार वाले नुसरत को अपनाने को तैयार नहीं थे। यहां तक कि महबूब के पिता ने दोनों को घर में रखने से भी इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों कई जगहों पर रहे और लंबे समय तक नुसरत अपने मायके में पति के साथ रही।
परिवार को होता रहा शक
परिजनों के अनुसार जनवरी 2026 में महबूब अपनी पत्नी को लेकर बाहर चला गया था। इस दौरान दोनों मजदूरी का काम करने लगे। लेकिन पिछले तीन महीनों से जब भी नुसरत के घरवाले उससे बात कराने की बात कहते, महबूब हर बार बहाना बनाकर फोन काट देता था। इसी बीच परिवार वालों ने देखा कि नुसरत की छोटी बच्ची अपने दादा के घर अकेली रह रही है। बच्ची के बिना मां के रहने से परिवार को बड़ा शक हुआ। इसके बाद 14 मई को केनगर थाना में आवेदन देकर नुसरत की तलाश शुरू कराई गई।
पुलिस पूछताछ में टूटा आरोपी
के.नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महबूब आलम को हिरासत में लिया। शुरू में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी सच्चाई उगल दी। आरोपी ने बताया कि वह और उसकी पत्नी अररिया जिले के बथनाहा स्टेशन के पास बालू टोल स्थित संथाली टोला में एक कॉलेज निर्माण स्थल पर मजदूरी करते थे। करीब दो महीने पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। गुस्से में उसने ईंट उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से नुसरत की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में बंद किया और निर्माणाधीन परिसर में ही गड्ढा खोदकर मिट्टी में दफना दिया। इसके बाद वह सामान्य जिंदगी जीता रहा और परिजनों को लगातार झूठ बोलता रहा।
पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंची, जहां उसकी निशानदेही पर मिट्टी में दबा शव बरामद किया गया। शव बरामद होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Post a Comment