Top News

“मेरी नहीं तो किसी की नहीं…” शादी के 18 दिन बाद ही नवविवाहिता की ह.त्या

बिहार के मोतिहारी से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने नवविवाहिता की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था। आरोपी ने पहले युवती को धमकी दी थी — “अगर तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा…” और आखिरकार उसने अपनी धमकी को खूनी अंजाम दे दिया।
दिल दहला देने वाली यह घटना मोतिहारी के बिजधारी थाना क्षेत्र के बथना पांडेय टोला वार्ड संख्या-7 की है, जहां 20 वर्षीय सपना कुमारी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका मदन मुखिया की बेटी थी और उसकी शादी अभी 28 अप्रैल को ही मोतिहारी के रोहिनिया गांव में हुई थी। शादी के बाद सपना पहली बार मायके आई थी और शनिवार को उसकी विदाई होकर ससुराल लौटने वाली थी। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही पलों में सब कुछ मातम में बदल गया। परिजनों के मुताबिक गांव का ही जगदीश कुमार लंबे समय से सपना के पीछे पड़ा था। वह उससे एकतरफा प्यार करता था और लगातार शादी का दबाव बना रहा था। सपना ने जब उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया और दूसरी जगह शादी कर ली तो आरोपी आग-बबूला हो गया। शादी के समय ही उसने सपना को जान से मारने की धमकी दी थी।
मायके आने के बाद सुबह सपना अपनी भाभी के साथ खेत की ओर शौच हेतु गई थी। तभी वहां आरोपी पहुंच गया और सपना से झगड़ा करने लगा। देखते ही देखते वह दरिंदा बन गया और गमछे से सपना का गला कस दिया। भाभी और आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सिरफिरे आशिक ने तब तक गला दबाया जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गांव में चीख-पुकार मच गई। जिस घर से कुछ घंटे बाद बेटी की विदाई होनी थी, वहां उसकी लाश पहुंच गई। मां-बाप बदहवास होकर रोते रहे और पूरे गांव में मातम छा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने आरोपी की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एकतरफा प्यार की सनक ने एक नवविवाहिता की जिंदगी छीन ली और उसके परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post