Top News

गंगा कटाव निरोधी कार्यों का सांसद तारिक अनवर ने किया निरीक्षण

कुरसेला प्रखंड के खेरिया एवं बालू टोला घाट में शनिवार को सांसद तारीक अन्वर ने गंगा नदी किनारे चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों एवं संवेदक से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

सांसद ने कहा कि गंगा कटाव की समस्या वर्षों से क्षेत्र के लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। हर वर्ष बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों पर खतरा मंडराने लगता है, जिससे लोगों की जमीन, घर एवं खेती प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य समय पर एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना बेहद आवश्यक है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कटाव निरोधी कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसात शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर लिया जाए, ताकि संभावित खतरे को कम किया जा सके।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी सांसद के समक्ष गंगा कटाव की गंभीर समस्या रखी तथा कई स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कार्य कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बढ़ रहे कटाव से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इस पर सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को सरकार एवं संबंधित विभाग तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा तथा हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post