Top News

बारात जा रही स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, चम्पावती के युवक की मौत, कई घायल

धमदाहा प्रखंड क्षेत्र के चम्पावती पंचायत से मधेपुरा जा रही बारात की स्कॉर्पियो शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना बनमनखी प्रखंड के सरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशहा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर हुई, जहां स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में चम्पावती पंचायत वार्ड संख्या-6 निवासी रोशन ऋषि (26) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। वहीं इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक बाराती घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सिकंदर उर्फ बाबा जी समेत अन्य घायलों का इलाज पूर्णिया में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार चम्पावती निवासी सुनील यादव के पुत्र की शादी के लिए बारात मधेपुरा जा रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार ट्रक आ गया और दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया। वहीं पुलिस ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया है। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है तथा मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post