Top News

मखाना खेत में तैरता मिला अज्ञात 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव,जांच में जुटी पुलिस

खखरेली स्थित वीआइपी राइस मिल के पीछे शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब मखाना खेत में पानी के बीच एक बुजुर्ग का शव तैरता हुआ बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक महिला घास काटने के लिए खेत की ओर गई थी। इसी दौरान उसकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदिन राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ एसआई परमजीत कुमार एवं एसआई नितिन कुमार भी मौजूद थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराने में जुट गई। मृतक ने काला टी-शर्ट, उजला पजामा पहन रखा था तथा गले में लाल-सफेद गमछा था। हालांकि देर शाम तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post