Top News

पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन, 30 दिन में शिकायत निपटाने का प्रशासन का दावा

कोढ़ा प्रखंड के बहरखाल एवं बासगाढा पंचायत में आयोजित पंचायत सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आया। पंचायत सरकार भवन बहरखाल और बासगाढा पंचायत भवन परिसर में लगे शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही त्वरित समाधान उपलब्ध कराना था, ताकि लोगों को छोटी-छोटी परेशानियों के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित ने कहा कि सरकार ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक ही सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गंभीरता से निष्पादन सुनिश्चित करें।

शिविर में राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद, शौचालय निर्माण, बिजली और पेयजल जैसी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को विभागीय प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया गया।
बहरखाल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की। वहीं बासगाढा पंचायत की मुखिया प्रीतम देवी कुशवाहा एवं बहरखाल पंचायत की मुखिया मुनिता कुमारी ने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर लगने से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच भरोसा मजबूत हो रहा है।

ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post