
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हवाकोल पंचायत स्थित गोढिया हाट मरियाधर में बना आरसीसी पुल पिछले लगभग 15 वर्षों से ध्वस्त पड़ा हुआ है। पुल के जर्जर रहने से क्षेत्र के हजारों लोगों को खासकर बरसात के दिनों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित आवेदन देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार मरियाधर के पूर्वी छोर पर गोढिया हाट, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगुलाहांगी, पंचायत सरकार भवन सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। पुल ध्वस्त रहने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब धार में पानी बढ़ जाने से लोगों का संपर्क मुख्य सड़क से लगभग कट जाता है। स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों एवं
किसानों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।स्थानीय ग्रामीण अरुण ऋषिदेव, सहेंद्र ऋषिदेव, कृष्ण प्रसाद मंडल, अनिरुद्ध प्रसाद गिरी, समाजसेवी जितेंद्र कुमार विश्वास, अबू सुभान रिजवी, उप मुखिया संतोष विश्वास, वार्ड सदस्य मनोज मंडल, पंचायत समिति सदस्य सोनावती देवी एवं मुखिया विशेश्वर प्रसाद साह ने बताया कि इस पुल निर्माण को लेकर कई बार सांसद, विधायक, संबंधित विभागीय पदाधिकारी तथा जिला पदाधिकारी को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि पुल नहीं रहने से लोगों की दैनिक जिंदगी प्रभावित हो रही है और क्षेत्र का विकास भी बाधित है।ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब नया आरसीसी पुल निर्माण कराने की मांग की है ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। वहीं इस संबंध में कनिय अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुल निर्माण से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसे वरीय पदाधिकारी को अग्रसारित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर जल्द ही आवश्यक पहल किए जाने की संभावना है।
Post a Comment