Top News

ग्रुप लोन के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: सीमांचल में सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी

कटिहार जिले के कुर्सेला में ग्रुप लोन दिलाने के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीमावर्ती इलाकों—कटिहार, पूर्णिया और भागलपुर के रुपौली, टिका पट्टी, गेरावरी, डूमर, मधेली समेत कई गांवों की महिलाएं इस ठगी का शिकार बनी हैं।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, खुद को एक कथित फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले कुछ लोग घर-घर पहुंचे और समूह बनाकर लोन दिलाने का झांसा दिया। महिलाओं से कहा गया कि पहले 4500 रुपये देकर बैंक खाता खुलवाना होगा, जिसके बाद हर महिला को 2 लाख रुपये तक का लोन मिलेगा।

झांसे में आकर सैकड़ों महिलाओं ने 4500-4500 रुपये जमा कर दिए। ठगों ने कुर्सेला में अपना ब्रांच होने का दावा किया था, लेकिन जब महिलाएं लोन लेने पहुंचीं तो वहां ताला लटका मिला। दिए गए सभी मोबाइल नंबर भी बंद पाए गए।

बताया जाता है कि “गृह लक्ष्मी केपिटल फाइनेंस प्रा. लि.” नाम की कंपनी के लोग गांव-गांव जाकर महिलाओं को रोजगार के लिए लोन देने का भरोसा दिला रहे थे। कंपनी के कथित रिलेशनशिप मैनेजर शिवम कुमार सिंह ने खाता खुलवाने और लोन राशि उसी खाते में भेजने की बात कही थी। महिलाओं को रसीद भी दी गई थी, जिससे उन्हें भरोसा हो गया।

जब लोन देने की बारी आई तो आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो गए। गुस्साई महिलाओं ने उस मकान पर पहुंचकर हंगामा किया, जहां एक दिन पहले ही बैनर लगाकर फर्जी ब्रांच खोली गई थी। मकान मालिक ने बताया कि आरोपियों ने महज दो दिन पहले ही किराये पर कमरा लिया था।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उन्होंने पैसे जुटाने के लिए बकरी तक बेच दी या सूद पर कर्ज लिया, लेकिन अब वे ठगी का शिकार हो गई हैं। महिलाओं ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें उनका पैसा वापस दिलाया जाए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमांचल क्षेत्र में इस तरह की ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जहां खासकर महिलाओं को आसान लोन का लालच देकर निशाना बनाया जा रहा है। बावजूद इसके अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post