Top News

हनुमान मंदिर से आभूषण, घर से बाइक चोरी, शिकायत दर्ज

किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के दलबाड़ी गांव में सोमवार को दो चोरी की वारदातें सामने आईं। एक घर से बाइक चोरी हुई, वहीं हनुमान मंदिर से आभूषणों पर चोरों ने हाथ साफ किया। पीड़ित परिवारों ने बहादुरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पहली घटना दलबाड़ी गांव निवासी कुणाल कुमार सिन्हा के घर में हुई, जहां उनकी यामाहा एफजेडएस (YAMAHA FZS) बाइक आंगन से चोरी हो गई। यह घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे हुई। कुणाल कुमार सिन्हा ने बहादुरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि चोरों ने उनके घर का मुख्य गेट तोड़कर आंगन में खड़ी बाइक चुराई।
चोरी हुई बाइक का मॉडल यामाहा एफजेडएस, वर्जन 5.0 है। इसका इंजन नंबर G3N5E0387302 और वाहन नंबर WB60AC 3676 है। कुणाल कुमार सिन्हा ने बताया कि यह बाइक उनकी सास पद्माश्री देवनाथ ने उन्हें उपहार में दी थी। पद्माश्री देवनाथ उत्तर दिनाजपुर के मालखुंदा गांव की निवासी हैं और बाइक के सभी दस्तावेज उन्हीं के नाम पर पंजीकृत हैं।

इसी गांव के हनुमान मंदिर में भी चोरी हुई है। अज्ञात चोर मूर्ति में लगे सभी आभूषण लेकर फरार हो गए। सोमवार को मोहम्मदनगर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि सज्जाद अहमद ने घटनास्थल का जायजा लिया और लिखित शिकायत दर्ज करवाने के लिए पीड़ित परिजनों को लेकर थाने गए।

वही स्थानीय मुखिया प्रत्याशी मो. इकबाल और पूर्व सरपंच मो. मतीन ने भी घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से उचित कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है। इधर बहादुरगंज थाना की पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post