मधेपुरा: मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 मार्ग पर पचगछिया टोला के पास स्थित एक धर्मकांटा में गुरुवार रात करीब 10 बजे एक युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान रघुनाथपुर पंचायत के वार्ड संख्या 5, भेलाही गांव निवासी अजय यादव के मंझले पुत्र रौशन कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रौशन पिछले करीब आठ महीनों से उक्त धर्मकांटा पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, घटना के समय रौशन किसी से फोन पर बात करते हुए छत पर चले गए थे।
काफी देर तक नीचे नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब छत पर जाकर देखा गया तो वह फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि रौशन के मोबाइल फोन पर एक युवती का लगातार कॉल आ रहा था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष नुरुल हक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मोबाइल फोन की जांच सहित अन्य पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
Post a Comment