कुरसेला प्रखंड के दक्षिणी मुरादपुर पंचायत अंतर्गत खेरिया मंडल टोला स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कन्या पुरानी बाजार में सोमवार को अग्निशमन सेवा की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना था।इस दौरान अग्निशमन सेवा, कुरसेला थाना में प्रतिनियुक्त कर्मियों ने बच्चों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों की जानकारी दी। अग्निक चालक धर्मेन्द्र मंडल, अग्निक नीतीश कुमार एवं अग्निक संजीत कुमार ने मॉकड्रिल के माध्यम से आग से बचाव के व्यावहारिक तरीके प्रदर्शित किए।
कार्यक्रम में गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति उत्पन्न कर उसे सुरक्षित तरीके से बुझाने का प्रदर्शन किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं और विद्यालय कर्मियों को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके साथ ही विद्यालय की रसोइया को रसोईघर में आग लगने की स्थिति से निपटने के उपायों के बारे में विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया।
अग्निशमन कर्मियों ने आसपास के ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें भी आग से बचाव, सतर्कता और प्राथमिक उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में तुरंत सरकारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
Post a Comment