पश्चिम बंगाल में कल होने वाले मतदान को लेकर सीमावर्ती किशनगंज जिले में गहमागहमी बढ़ गई है। एक तरफ जहां लोकतंत्र के महापर्व को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। बंगाल की सीमा से सटे किशनगंज रेलवे स्टेशन पर बुधवार को सुरक्षा और चेकिंग का सख्त पहरा दिखाई दिया।
मताधिकार को लेकर लोगों में इस कदर उत्साह है कि हजारों की संख्या में युवा और बुजुर्ग मतदाता अपने घर पहुंचने के लिए किशनगंज स्टेशन पहुंचे हैं। स्टेशन परिसर में भारी भीड़ देखी जा रही है। बाहर रहकर काम करने वाले युवा हों या बुजुर्ग, सभी का कहना है कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए हर हाल में घर पहुंचना चाहते हैं। यात्रियों की इस भारी आवाजाही के कारण स्टेशन पर सुबह से ही पैर रखने की जगह नहीं है।
शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने और किसी भी असामाजिक तत्व के बंगाल में प्रवेश को रोकने के लिए रेल पुलिस और ने संयुक्त मोर्चा संभाल लिया है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और वेटिंग हॉल में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा यात्रियों के सामान की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।
सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे प्रशासन भी मुस्तैद है। टीटीई की टीम लगातार टिकटों की जांच कर रही है। भीड़ का फायदा उठाकर कोई बिना टिकट या संदिग्ध व्यक्ति प्रवेश न कर सके, इसके लिए प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों के भीतर तक चेकिंग की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
Post a Comment