पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत दीवानगंज चौक ओवरब्रिज के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया, जिसे पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सूझबूझ से शांत कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान डिमिया छतरजान पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी कैलाश सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक अपने दैनिक कार्यों के लिए दीवानगंज बाजार गए थे और वहां से सामान लेकर मोटरसाइकिल द्वारा वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान, ओवरब्रिज के नीचे रॉन्ग साइड से आ रहे एक सीमेंट लदे ट्रैक्टर ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैलाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल ग्रामीणों की मदद से जीएमसीएच (GMCH) पूर्णिया ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। दुकानदार संतोष चौधरी उर्फ मिथिलेश कुमार चौधरी, जो दुकान के भीतर ही मौजूद थे, इस हादसे में बाल-बाल बच गए। हालांकि, इस घटना में दुकान का काउंटर और अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे उन्हें लगभग 1 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि उक्त ट्रैक्टर का न तो कोई वैध कागजात है, और न ही उसका बीमा (Insurance) या फिटनेस वैध है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और पुलिस को ट्रैक्टर जब्त करने से रोकने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची मुफस्सिल पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आई है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि, "पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की गहन छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं आगे की कार्यवाही की जा रहीं है।"
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
Post a Comment