कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित चंदवा पंचायत के खुदना गांव में आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ठनका गिरने की दर्दनाक घटना में 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अचानक मौसम खराब होने के दौरान मंगलेश कुमार खेत-खलिहान के आसपास मौजूद थे, तभी तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना स्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं।
मंगलेश अपने पीछे पत्नी डोली देवी, तीन बेटियां और एक छोटे पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की असामयिक मौत से घर में मातम पसरा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पंचायत के मुखिया फारूक आजम, अंचलाधिकारी संजीव कुमार समेत अन्य लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आपदा राहत सहायता प्रदान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस कठिन समय में सरकारी मदद ही इस बेसहारा परिवार के लिए सहारा बन सकती है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और हर आंख नम है।
Post a Comment