कटिहार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोलासी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा कारोबार पर सख्त प्रहार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर नक्कीपुर और कोलासी इलाके में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने गांजा और नकदी बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, पहली छापेमारी नक्कीपुर के बौधू टोला में की गई, जहां से रामा तुरी के पास से 317 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दूसरी कार्रवाई कोलासी बाजार में की गई, जहां अरविंद साह के घर से 185 ग्राम गांजा और 27 हजार 700 रुपए नकद जब्त किए गए। पुलिस का मानना है कि यह नकदी अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है।
दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए कटिहार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इस तरह के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कोलासी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं आम लोगों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगेगी।
Post a Comment