बैसा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मुंगरा पियाजी पंचायत में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों में उत्साह का माहौल रहा। कुल 1436 मतदाताओं में से 1036 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे पंचायत में 72.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद हुई मतगणना में वर्तमान अध्यक्ष रजनी रंजन विश्वास ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी तिलक चन्द्र विश्वास को 22 मतों से पराजित किया। रजनी रंजन विश्वास को कुल 510 मत मिले, जबकि तिलक चन्द्र विश्वास को 488 वोट प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और जीत की खुशी में मिठाई बांटी गई। विजयी प्रत्याशी को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सदस्य पद के लिए भी चुनाव कराया गया, जिसमें छह प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे थे। चुनाव प्रक्रिया प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ राज कुमार चौधरी के नेतृत्व में संपन्न कराई गई। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के कारण पूरे दिन व्यवस्था सामान्य बनी रही। वहीं प्रखंड के नंदनिया, मंझौक व कंफलिया पंचायतों में अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों को निर्विरोध चुना गया। इन पंचायतों में नामांकन के बाद किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं रहने से सभी प्रत्याशी निर्वाचित घोषित किए गए। निर्विरोध चुने गए प्रत्याशियों के समर्थकों में भी उत्साह देखा गया। पैक्स चुनाव के सफल आयोजन के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और क्षेत्र में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होने पर संतोष जताया। वहीं विधि व्यवस्था को लेकर रौटा थाना अध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव के नेतृत्व में पुलिस बलों द्वारा लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे।
मुगरा पियाजी पंचायत में फिर से दोबारा पैक्स अध्यक्ष बने रजनी रंजन विश्वास
Cityhalchal News
0
Post a Comment