Top News

व्हाट्सऐप कॉल से विधायक को धमकी, 5 लाख की रंगदारी मांगने वाला युवक गिरफ्तार

जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र से मुर्शीद आलम को व्हाट्सऐप कॉल के जरिए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के तूरकैली वार्ड संख्या-11 निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद समीम के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ने विधायक के व्हाट्सऐप नंबर पर कॉल कर रंगदारी की मांग की थी और पैसे नहीं देने पर हत्या की धमकी दी थी। घटना के बाद विधायक ने पलासी थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया। इसके आधार पर कांड संख्या 160/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया, जिससे आरोपी की पहचान संभव हो सकी। पुलिस को पता चला कि धमकी देने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन आरोपी का ही है, जिसे बरामद कर लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सहयोग से आरोपी की लोकेशन तमिलनाडु में ट्रेस की और 25 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बीते डेढ़ महीने में यह दूसरी बार है, जब विधायक मुर्शीद आलम को रंगदारी की धमकी मिली है। इससे पहले भी ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post