भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तर्ज पर यहां भी नामांकन प्रक्रिया, जांच और वापसी की समय-सीमा पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा पश्चिम नगर पंचायत पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। क्रम संख्या 01 पर नितिन मुकेश को मोतियों की माला, क्रम संख्या 02 पर मिथुन कुमार को ब्लैक बोर्ड, क्रम संख्या 03 पर रूपा रानी को किताब एवं संतोष कुमार को ईंट छाप चुनाव चिन्ह मिला है। वहीं सदस्य पद के लिए क्रम संख्या 01 पर रंजीत मंडल को छत का पंखा तथा क्रम संख्या 02 पर सूरज कुमार को नारियल चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है।
दूसरी ओर, नगर पंचायत भवानीपुर के पूरब भाग में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए क्रम संख्या 01 पर राघवेंद्र यादव को मोतियों की माला एवं क्रम संख्या 02 पर सुभाष यादव को ब्लैक बोर्ड चुनाव चिन्ह मिला है। साथ ही समिति सदस्यों को भी अलग-अलग चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं।
चुनाव चिन्ह वितरण के दौरान प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई। चुनाव चिन्ह मिलते ही उम्मीदवार अपने-अपने प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। बैनर, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री बनवाने के लिए बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है।
प्रखंड प्रशासन के अनुसार शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही अब गांव-गांव में प्रचार अभियान और भी तेज होने की संभावना है।
Post a Comment