पूर्णिया के गुलाब बाग जीरोमाइल के समीप स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस ने बड़ी छापेमारी कर सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान संचालक मौके से फरार हो गया, जबकि कुल 32 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें 7 ग्राहक, 09 नाबालिग लड़कियां एवं 19 महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने एक साथ छापेमारी की। इस दौरान रैकेट संचालकों ने लड़कियों को बाहर ले जाने में असफल होने पर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और खुद फरार हो गए। पुलिस ने कटर मशीन की मदद से दरवाजा काटकर सभी लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला। छापेमारी के दौरान कई धारदार हथियार बरामद किया गया हैं। महिला और पुरुष पुलिस बल ने लगभग एक घंटे तक सघन सर्च अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से लड़कियों को बरामद किया। छापेमारी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका नेतृत्व स्वयं सदर एसडीओ श्वेतम दीक्षित और सदर एसडीपीओ-1 ज्योति शंकर कर रहे थे।
गौरतलब है कि पूरे बिहार में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और कमजोर वर्ग के एडीजी के निर्देश पर "नया सवेरा अभियान" चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सेक्स रैकेट में फंसी लड़कियों को मुक्त कराने और मानव तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल सभी हिरासत में लिए गए लोगों को सदर थाना में रखा गया है, जहां लड़कियों की काउंसलिंग कराई जा रही है। साथ ही मानव तस्करी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
Post a Comment