रामनवमी पर्व के पावन अवसर पर कोढ़ा प्रखंड के बावनगंज पंचायत में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पंचायत में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान पूरा इलाका जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं, जबकि युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा, भक्ति गीतों और झांकियों ने यात्रा को और आकर्षक बना दिया। गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई यह शोभायात्रा पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना गई।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह भी शोभायात्रा में शामिल हुईं और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
मुखिया बलराम मोहली ने बताया की स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान माहौल भक्तिमय बना रहा और लोगों में रामनवमी को लेकर गहरा उत्साह देखने को मिला।
Post a Comment