कोढ़ा प्रखंड के मखदमपुर पंचायत के मिर्जापुर शेरशाहवादी टोला में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘मदरसा महिरातुल इस्लाम’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मदरसा के डायरेक्टर मोहम्मद मजहरूल हक़ एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुशवाहा उर्फ अरविंद दास, पुर्व मुखिया प्रतिनिधि सिकन्दर आलम एवं शिक्षा प्रेमी ने मदरसा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक स्कूली शिक्षा का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इससे समाज और देश के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की धार्मिक कट्टरता समाज के लिए हानिकारक है, इसलिए शिक्षा के माध्यम से संतुलित सोच विकसित करना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा क्वीज प्रतियोगिता, नज़्म और ग़ज़ल की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जो शिक्षा के महत्व पर आधारित थीं। खासकर गुलिस्तारा खातुन द्वारा ‘मां’ विषय पर प्रस्तुत नज़्म ने सभी उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए उसे मुख्य अतिथि द्वारा विशेष उपहार एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में पंचायत के वरिष्ठ समाजसेवी सह भाजपा नेता अरविंद दास ने कहा कि किसी भी धर्म में शिक्षा का मार्ग समाज के सही दिशा को दर्शाता है। पूर्व मुखिया प्रतिनिधि सिकन्दर आलम सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और मदरसा के इस प्रयास को सराहा। अंत में मदरसा कमेटी की ओर से अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा सभी मौलवियों एवं छात्रों को शुभकामनाएं दी गईं। आयोजकों ने आशा जताई कि यह मदरसा क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में अहम भूमिका निभाएगा।
Post a Comment