कटिहार। कुरसेला पुलिस ने मंगलवार की रात अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक डीसीएम ट्रक में लदे 22 मवेशियों के साथ छह पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार कुरसेला थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि खगड़िया जिले के मानसी से एक डीसीएम ट्रक में क्रूरतापूर्वक मवेशियों का अवैध परिवहन कर कटिहार के खेरिया हाट ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने कुरसेला के गिट्टी प्लांट के समीप एनएच-31 पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक डीसीएम ट्रक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने खदेड़कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में कुल 22 मवेशियों को ठूंसकर क्रूरतापूर्वक परिवहन करते हुए बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिश कुमार सिंह , श्रवण कुमार , बिपेन्द्र कुमार सिंह , संतोष कुमार सिंह सभी निवासी बेलवा थाना कोढ़ा जिला कटिहार, मो. कलाम निवासी उदामारेखा थाना मुफ्फसिल जिला कटिहार तथा लक्ष्मण कुमार निवासी महेशपुर थाना चौथम जिला खगड़िया के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से डीसीएम ट्रक समेत 22 मवेशियों को बरामद किया। बरामद मवेशियों में से एक बछड़े की मौत हो गई। इस संबंध में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि एक डीसीएम में छोटे-बड़े कुल 22 मवेशी भरे हुए थे। ऐसे में अधिक भीड़ और लंबी दूरी के कारण बछड़े की मौत स्ट्रेस की वजह से होने की आशंका प्रतीत हो रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वही मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ करने के बाद मवेशी माफियाओं में हरकंप व्याप्त है।
अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई, 22 मवेशी के साथ छह तस्कर गिरफ्तार
Cityhalchal News
0
Post a Comment