Top News

केपी महाविद्यालय मुरलीगंज में आज से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार


केपी महाविद्यालय, मुरलीगंज में शुक्रवार से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। सेमिनार का आयोजन महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसे इंडियन केमिकल सोसाइटी, कोलकाता का प्रायोजन प्राप्त है। इस सेमिनार में देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक अपने शोध एवं अनुभव साझा करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. अशोक कुमार झा ने जानकारी दी कि सेमिनार का उद्घाटन शनिवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे किया जाएगा। सेमिनार में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी वैज्ञानिक भाग लेंगे। जापान, जर्मनी सहित अन्य देशों के वैज्ञानिक ऑनलाइन माध्यम से अपने व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे, जबकि कई नामचीन वैज्ञानिक ऑफलाइन मोड में महाविद्यालय परिसर में उपस्थित रहेंगे।
प्राचार्य ने बताया कि देश के प्रसिद्ध फिजिकल केमिस्ट एन. बी. सिंह, यूके से राकेश रौशन झा, डॉ. गौरव गांगुली के अलावा आईआईटी कानपुर के केमिस्ट्री विभागाध्यक्ष प्रो. जी. रामनाथन, आईआईएससी बेंगलुरु के प्रो. एस. नटराजन सहित अनेक प्रख्यात वैज्ञानिक सेमिनार को संबोधित करेंगे।
सेमिनार का मुख्य विषय “फ्यूचर ट्रेंड्स इन केमिकल साइंस, सस्टेनेबिलिटी एंड ग्लोबल इनोवेशन” रखा गया है। इसके अंतर्गत ग्रीन केमिस्ट्री, मॉलिक्युलर इकॉनमी, ड्रग डिलीवरी सिस्टम सहित कई समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा और व्याख्यान होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित वरिष्ठ वैज्ञानिक एन. बी. सिंह ने कहा कि केमिस्ट्री जीवन से सीधे जुड़ा विज्ञान है। जब तक हमारे शरीर में केमिकल रिएक्शन होते रहते हैं, जीवन चलता रहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सेमिनार छात्रों और आम लोगों को यह समझने में मदद करेगा कि भविष्य में किन क्षेत्रों पर कार्य करने और किस दिशा में फोकस करने की आवश्यकता है।
वहीं, सेमिनार को लेकर महाविद्यालय परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कॉलेज को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। छात्राओं द्वारा रंगोली बनाई जा रही है, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना हुआ है। प्राचार्य ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार से छात्रों के साथ-साथ आम जनमानस को भी शैक्षणिक और वैज्ञानिक दृष्टि से लाभ मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post