Top News

12 की हो चुकी मौत, 30 यात्री हो चुके दिव्यांग, एकबार फिर रेल डीआरएम को सौंपा ज्ञापन


समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र ने बुधवार को करीब 4 बजे मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण किया। स्टेशन पर पहुंचते ही स्टेशन प्रबंधक राकेश कुमार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान रेल संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने डीआरएम से मुलाकात कर स्टेशन से जुड़ी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।
रेल संघर्ष समिति की ओर से संरक्षक दिनेश मिश्र, पार्षद सह संयोजक श्याम आनंद, सुजीत कुमार शास्त्री, उदय चौधरी, संजय सुमन, रेलवे परामर्श समिति सदस्य सूरज जायसवाल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पवन यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। बताया कि मुरलीगंज स्टेशन व्यवसायिक और यात्री दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। प्लेटफॉर्म को हाई लेवल करने की मांग करते हुए बताया कि निम्न स्तर के प्लेटफॉर्म के कारण अब तक करीब 12 यात्रियों की मौत हो चुकी है और 30 से अधिक यात्री दिव्यांग हो चुके हैं। इसके साथ ही पुरबिया एक्सप्रेस के पूर्णिया कोर्ट तक विस्तार, वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव, लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन व ठहराव, मुरलीगंज स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने तथा यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग रखी गई। इसके अलावा सहरसा–कटिहार डेमू ट्रेन विस्तार, माल गोदाम को रैक प्वाइंट में बदलने और कुछ प्रमुख ट्रेनों के मार्ग विस्तार की मांग भी शामिल रही। रेल संघर्ष समिति ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

वही मामले में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र ने बताया कि सभी मांगों पर विचार किया जाएगा। प्लेटफॉर्म ऊंचा करने का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा जा चुका है अन्य आवश्यक समस्याओं पर विचार किया जाएगा जल्द ही धीरे-धीरे सभी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post