Top News

बिलट महतो सेवा धाम ट्रस्ट का हुआ शिलान्यास, बनेगी गौशाला

करणदिघी ब्लॉक के रबनपुर गांव में श्री बिलट महतो सेवा धाम ट्रस्ट का विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में वृंदावन से पधारे धर्म प्रचारक एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री श्री 1008 श्री रोहित परपण महाराज ने पारंपरिक ध्वज फहराया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ भूमि पूजन से हुई। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच नारियल फोड़कर नींव रखी गई तथा शिलान्यास की प्रक्रिया पूर्ण की गई। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं मिठाई का वितरण किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री श्री 1008 श्री रोहित परपण महाराज ने बताया कि रबनपुर गांव में बिलट महतो (उर्फ जंगली राजा) ने लगभग 50 वर्ष पूर्व यह भूमि राम जानकी राम मंदिर के नाम पर दान की थी। उसी दान की भावना को आगे बढ़ाते हुए अब यहां सेवा धाम ट्रस्ट के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थानों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यहां एक गुरुकुल, वृद्धाश्रम, पारंपरिक देवी-देवताओं का मंदिर और गौशाला का निर्माण प्रस्तावित है। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
महाराज ने कहा कि यह ट्रस्ट सर्वजन हिताय कार्य करेगा और स्थानीय लोगों तथा बिलट महतो के वंशजों के सहयोग से इसका विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष हीरालाल महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post