Top News

कुरसेला में भीषण अगलगी, 500 से अधिक दुकानें जलकर राख,करोड़ो का नुकसान

बिहार के कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र के शहीद चौक स्थित कुरसेला स्टेट हाट में रविवार की शाम भीषण अगलगी की घटना में लगभग 500 से अधिक टीन व फूस से बनी झोपड़ीनुमा दुकानें जलकर राख हो गईं। मिली जानकारी  के अनुसार इस हादसे में 7 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति की क्षति हुई है। जिससे सबसे जादा कपड़ा व सिगार की समान दुकान की क्षति हुयी है। वहीं तेज आग की भयावह लपटों से पूरा हाट-बाजार दहल उठा और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7:30 बजे कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर घर जा रहे थे, जबकि कुछ अब भी दुकानदारी में लगे थे। इसी दौरान कपड़ा पट्टी की एक दुकान से निकली चिंगारी ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने एक के बाद एक सैकड़ों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
चाय-नाश्ता, कपड़ा, मसाला, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, सिगार , सब्जी, मुर्गा, टेलर मशीन, चूड़ी-लहठी समेत अन्य  दुकानों में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग चीखने-चिल्लाने लगे और बाजार में भगदड़ की स्थिति 
बन गई।
मौके पर फायर ब्रिगेड की 
पहुंची बड़ी गाड़ी:-
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा, लेकिन छोटी फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने में नाकाम साबित हुई। पानी खत्म होने के कारण गाड़ी को दोबारा पानी भरने जाना पड़ रहा था वहीं बड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर आंशिक नियंत्रण पाया गया। देर रात कटिहार से पहुंची अतिरिक्त फायर ब्रिगेड टीम ने शेष आग को बुझाने का प्रयास किया। 

पांच सौ परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़:-
इस भीषण अगलगी में लगभग 500 दुकानों के जलने से इतने ही परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। मेहनत और खून-पसीने से खड़ी की गई दुकानों को अपनी आंखों के सामने जलता देख दुकानदार फूट-फूट कर रो पड़े। कोई चाय बेचकर परिवार चलाता था, तो कोई फल-सब्जी या कपड़े की दुकान से जीवनयापन करता था। चंद मिनटों में ही उनकी सालों की कमाई राख में तब्दील हो गई।

पांच किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें:-

आग की लपटें लगभग पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। आसपास के पक्के मकानों के दुकानदार भी एहतियातन अपना सामान बाहर निकालते नजर आए। प्रशासन ने शहीद चौक स्थित स्टेट हाईवे 77 और एनएच-31 पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।
पूरे कुरसेला परिक्षेत्र में इस घटना से दहशत का माहौल है। वही अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया की आंग पर काबू पा लिया गया है। संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है की समुचित आकलन कर जो भी सरकार के द्वारा सहायता है दी जाएगी। वही मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी रंजन कुमार सिंह वीडीओ कुमारी प्रियंवदा, अंचल पदाधिकारी सुश्री अनुपम थाना अध्यक्ष राकेश कुमार मौके पर मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post