Top News

बैसा में मदरसा अलिया सिद्दीकीया भवन निर्माण का शिलान्यास, विधायक अख्तरुल ईमान बोले- सीमांचल को हक दिलाने की लड़ाई जारी

बैसा/सिटी हलचल न्यूज 

पूर्णियां : बैसा प्रखंड के रायबेर पंचायत स्थित मदरसा अलिया सिद्दीकीया दिंघोच में मंगलवार को मदरसा सुदृढ़ीकरण योजनांतर्गत भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अख्तरुल ईमान ने फीता काटकर  कार्यारंभ की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। वर्षों से अधर में लटके कार्यों को पुनः आरंभ कराया गया है। खाड़ी व रसेली पुल, जो लंबे समय से अधूरा पड़ा था, उसमें फिर से निर्माण कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि आज महानंदा नदी पर 200 करोड़ रुपये की लागत से बड़ा पुल बन रहा है


जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराया गया है। साथ ही कई नई सड़कों एवं पुलों का निर्माण कार्य कराया गया, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा हो रही है। उन्होंने दावा किया कि बैसा प्रखंड को दलालों से मुक्त कराया गया है। रौटा बाजार में वर्षों से मवेशी हट्टी के नाम पर होने वाली अवैध उगाही को समाप्त कर दिया गया है। इसके कारण आज दलालों के पेट में दर्द हो रहा है।अख्तरुल ईमान ने कहा कि एआईएमआईएम को आज पूरे बिहार में जनता का समर्थन मिल रहा है। हाल ही में पार्टी सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी की सीमांचल न्याय यात्रा के दौरान क्षेत्र की जनता ने अपार स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पर बैठी सरकारें हमेशा सीमांचल की उपेक्षा करती रही हैं

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोज़गार के क्षेत्र में यहां की जनता को हक से वंचित रखा गया।विधायक ने कहा, “हमारी लड़ाई सीमांचल के विकास और हक को लेकर है। भ्रष्ट और भेदभावपूर्ण नीतियों के खिलाफ हम मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।” उन्होंने कार्यक्रम के अंत में आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर साथ देने का आग्रह भी किया।स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत माल्यार्पण कर किया और उम्मीद जताई कि मदरसा भवन निर्माण से यहां के छात्रों को बेहतर शिक्षा का वातावरण मिलेगा।इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि सददाम हुसैन, प्रखंड अध्यक्ष शाहिद आलम मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post