16 नवंबर को होनी थी शादी, लेकिन तीन दिन पहले ही प्रेमिका को मिलने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या! छह महीने की गर्भवती थी युवती, खेत में गड्ढा खोदकर छिपाया शव; पश्चिम बंगाल सीमा से गिरफ्तार हुआ मंगेतर
किशनगंज। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार को इंतजार था उस दिन का, जब बेटी दुल्हन बनकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेगी। 16 नवंबर को उसकी शादी तय थी। लेकिन शादी से ठीक पहले अचानक कुछ ऐसा हुआ कि पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। 14 नवंबर की सुबह युवती घर से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। परिजनों ने हर जगह तलाश की, रिश्तेदारों से पूछा और आखिरकार पुलिस के पास पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस बेटी की तलाश की जा रही है, उसका शव गांव के ही खेत में मिट्टी के नीचे छिपा दिया गया है।
दो दिन तक चल रही तलाश के बीच पुलिस को एक ऐसा सुराग मिला, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी। टेक्निकल अनुसंधान में युवती के मंगेतर बासिद आलम का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह बेहद खौफनाक थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती से शादी नहीं करना चाहता था। छह महीने की गर्भवती युवती से शादी के लिए परिवार और पंचायत का दबाव था। इसी दबाव से बचने के लिए उसने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
मामला बिहार के किशनगंज जिले के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के परलाबाड़ी पंचायत स्थित काला सिंघिया गांव का है। मृतका की उम्र 23 वर्ष थी।
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह करीब चार बजे युवती के पिता जितालु अपनी बेटी को नमाज पढ़ने के लिए जगाने पहुंचे। लेकिन बिस्तर पर बेटी नहीं थी। पहले परिवार को लगा कि वह आसपास कहीं गई होगी। काफी देर तक इंतजार और खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
आसपास के इलाके में तलाश की गई, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार पिता जितालु पहाड़कट्टा थाना पहुंचे और बेटी के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 297/26, दिनांक 14 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तलाश के दौरान खेत में मिला मिट्टी के नीचे दबा शव
युवती की गुमशुदगी को गंभीरता से लेते हुए किशनगंज के पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
इसी दौरान 15 नवंबर को गांव के खेत में एक गड्ढे से युवती का शव बरामद हुआ। शव को मिट्टी से छिपाया गया था। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कराया और एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल किशनगंज में कराया गया।
शव मिलने के बाद यह साफ हो गया कि मामला महज गुमशुदगी का नहीं, बल्कि हत्या का है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि आखिर इस युवती की हत्या किसने और क्यों की?
टेक्निकल जांच में मंगेतर का नाम आया सामने
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मोबाइल फोन से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसी अनुसंधान में पता चला कि युवती को उसके गांव के ही मंगेतर बासिद आलम ने रात में फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद से ही युवती लापता हो गई थी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि युवती और बासिद के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था। दोनों की शादी 16 नवंबर 2026 को तय की गई थी। युवती छह महीने की गर्भवती थी। जब गर्भावस्था की बात परिवारों तक पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर बैठक हुई थी। पंचायत में तय हुआ था दोनो की शादी करा दी जाय। इसके लिए 16 नवंबर की तारीख तय की गई।
लेकिन बासिद और उसके परिवार के लोग इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। परिवार और पंचायत की ओर से शादी का दबाव बनाया जा रहा था। इसी बीच युवती की हत्या कर दी गई।
मिलने के बहाने बुलाया, दुपट्टे से घोंट दिया गला!
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बासिद आलम ने बताया कि 13 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे उसने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। मोबाइल फोन से युवती को उसके घर के पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मिलने के बहाने बुलाया गया।
पुलिस का दावा है कि वहां युवती के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर शव को पास के खेत में पहुंचाया। वहां कुदाल से गड्ढा खोदा गया और शव को मिट्टी में दबाकर छिपा दिया गया। वही जब युवती का शव बरामद हो गया तो डर से आरोपी और उसके परिवार के सदस्य गांव से फरार हो गए।
पश्चिम बंगाल सीमा के पास से मंगेतर गिरफ्तार
मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि बासिद आलम, पिता सलिमुद्दीन, निवासी काला सिंघिया, थाना पहाड़कट्टा, जिला किशनगंज पश्चिम बंगाल सीमा के पास रतनपुर गांव में छिपा हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वही आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे बांस के झुरमुट के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कुदाल भी बरामद की गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी के घर पर छापेमारी की गई तो परिवार के अन्य सदस्य फरार मिले। अब पुलिस इस हत्याकांड में पिता और भाई की तलाश है।
जिस घर में बजनी थी शहनाई, वहां पसरा मातम
16 नवंबर को जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। छह महीने की गर्भवती 23 वर्षीय युवती की हत्या और शव को खेत में दफनाने की इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।शादी से पहले गायब हुई युवती, फिर खेत में मिट्टी के नीचे मिला शव और आखिरकार टेक्निकल जांच में मंगेतर तक पहुंची पुलिस—किशनगंज की इस वारदात ने रिश्तों और भरोसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Post a Comment