Top News

पशु तस्करी का खुलासा, 17 मवेशियों के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार


सीमांचल में पशु तस्करी का धंधा लगातार जारी है। ठंड का मौसम शुरू होते ही पशु तस्करी की घटनाओं में तेजी आने लगी है। इसी बीच पूर्णिया पुलिस ने जलालगढ़ थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दनसार पुल के पास वाहन जांच के दौरान एक पिकअप और एक मैजिक गाड़ी से कुल 17 मवेशियों को बरामद किया है। इस दौरान पांच कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप संख्या BR50GA8445 और मैजिक संख्या BR11GD3957 पर मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने दनसार पुल के पास दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो चालक और सवार लोग भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर पांच लोगों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पिकअप से सात गाय और दो बैल, जबकि मैजिक से छह गाय और दो बछड़े बरामद किए गए। कुल 17 मवेशियों को छोटे-बड़े रस्सों से इस तरह बांधा गया था कि वे एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए थे। कई पशुओं के शरीर पर चोट के निशान भी मिले। मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई कागजात भी प्रस्तुत नहीं किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुपौल जिले के प्रतापगंज निवासी शाहबुद्धीन तथा पूर्णिया जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र के महमूदिया स्टेट निवासी तहिर, शाहबुद्धीन, मो. मुर्सलीन और शमसाद शामिल हैं।

पुलिस ने 17 मवेशियों के अलावा पांच मोबाइल, 81,030 रुपये नकद, एक पिकअप और एक मैजिक वाहन जब्त किया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post