ठाकुरगंज प्रखंड की ग्राम पंचायत बंदरझुला के वार्ड संख्या दो स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को विकसित भारत समृद्ध बिहार के बैनर तले सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुखिया एकरामुल हक ने की। इस दौरान भारत-नेपाल सीमा से सटे बॉर्डर बस्ती गांव के भूमिहीन आदिवासी परिवारों के बीच बासगीत पर्चों का वितरण किया गया। साथ ही जन्म प्रमाण पत्र और राशन कार्ड भी दिए गए।
गौरतलब है कि सितंबर माह में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बॉर्डर बस्ती गांव का दौरा कर आदिवासी परिवारों की समस्याएं सुनी थीं। उन्होंने भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा निर्गत करने का निर्देश राजस्व विभाग को दिया था। इसी निर्देश के बाद विभागीय कार्रवाई पूरी कर मंगलवार को परिवारों को पर्चे उपलब्ध कराए गए।
मुखिया एकरामुल हक ने डीएम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे लंबे समय से भूमि अधिकार से वंचित गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि गांव में सड़क और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी पंचायत स्तर से पहल की जाएगी।
शिविर में जिला लोक सूचना अधिकारी सुप्रिया कुमारी, बीडीओ आशीष कुमार, सीओ मृत्युंजय कुमार, प्रभारी बीईओ अवधेश शर्मा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी टीएन रजक, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट कार्तिक दत्ता, कनीय अभियंता अभय रंजन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, आवास और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीण पहुंचे।
Post a Comment