Top News

ट्रैक्टर से गिरकर ट्रॉली के पहिए के नीचे आया 8 वर्षीय मासूम, मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम


किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत सतकौआ पंचायत के कुतवाभिट्ठा गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। ट्रैक्टर से नीचे गिरने के बाद बच्चा ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान मो. अख्तरूल के आठ वर्षीय पुत्र मो. याकूब के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, याकूब अपने परिवार के सदस्यों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर धान की कुटाई कराने के लिए घर के पास स्थित एक मिल जा रहा था। बताया जाता है कि ट्रैक्टर पर अधिक लोगों के सवार होने के कारण बच्चा उसके हुड पर बैठा हुआ था।

इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। इस दौरान पीछे चल रही ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। गंभीर हादसे में याकूब ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातमी माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई और परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post