Top News

गांधी-शास्त्री जयंती पर किसान मजदूर संघ ने किया नमन, किसानों और मजदूरों के हित में संघर्ष का लिया संकल्प

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

पूर्णिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर किसान मजदूर संघ की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के संस्थापक अनिरुद्ध मेहता ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देश के किसानों और जवानों के महत्व को समझते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश दिया था


किसानों की मेहनत और जवानों के त्याग को देश की मजबूती का आधार मानने वाले शास्त्री जी का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है।अनिरुद्ध मेहता ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था में किसानों और मजदूरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेतों में मेहनत करने वाला किसान और अपने श्रम से निर्माण करने वाला मजदूर देश के विकास की आधारशिला हैं। ऐसे में किसानों और मजदूरों की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संघ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों से प्रेरणा लेकर किसानों और मजदूरों के हित में लगातार काम करता रहेगा।वहीं, जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और जनभागीदारी के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे गांधी जी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान है।उन्होंने कहा कि गांधी जी का विचार केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं था, बल्कि वे गांव, गरीब, किसान और श्रमिकों को मजबूत बनाने की बात करते थे। उनका मानना था कि देश का वास्तविक विकास तभी संभव है

जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे।धीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री दोनों ही सादगी, सेवा और राष्ट्रहित के प्रतीक हैं। आज उनकी जयंती पर हमें उनके विचारों को केवल याद करने के बजाय अपने जीवन और सामाजिक कार्यों में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।कार्यक्रम में मौजूद संघ के सदस्यों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने तथा किसानों और मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी महेश्वरी मेहता, प्रेमलाल महतो, नबीन कुमार भारती, प्रेम किशोर सिंह, वरूणेश्वर झा, गोपाल प्रसाद यादव, शत्रुघ्न यादव एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post