Top News

शिक्षा व समाजसेवा में बाबूलाल साह का योगदान अविस्मरणीय

 

पूर्णिया पूर्व राजेश यादव 

पूर्णिया: गुलाबचंद्र साह सर्वोदय महाविद्यालय (जीसीएसएस), रानीपतरा में शुक्रवार को सर्वोदयी नेता एवं कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल साह की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान प्राध्यापकों, कॉलेज कर्मियों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य लोगों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. कमलेश्वरी मेहता ने की। उन्होंने कहा कि बाबूलाल साह ने शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। सर्वोदय आश्रम की स्थापना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों से रानीपतरा को शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में अलग पहचान मिली। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मिथलेश कुमार सिंह ने कहा कि बाबूलाल साह का जीवन समाज और शिक्षण संस्थान के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। वे लोगों को जोड़कर चलने और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए हमेशा प्रयासरत रहे


सेवानिवृत्त प्रो. सिंहेश्वर मेहता ने कहा कि कॉलेज के अध्यक्ष पद पर रहते हुए भी बाबूलाल साह नियमित रूप से कॉलेज आते थे। वे छात्र-छात्राओं और कर्मियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास करते थे। वक्ताओं ने कहा कि रानीपतरा कॉलेज के विकास में बाबूलाल साह के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।मौके पर सेवानिवृत्त प्रो. उमेश मेहता, प्रो. नवीन कुमार पाल, प्रो. दुलेन्द्र प्रसाद मंडल, प्रो सुधीर कुमार साह, गणेश गुप्ता, प्रो. माधव राव सिंधिया, बीरबल कुमार, रूपलता देवी, कुमारी अनामिका, रूपलता कुमारी, पल्लवी कुमारी, पंकज कुमार सहित कॉलेज कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post