रूपौली/बालमुकुन्द यादव
रूपौली। बालिका प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, रूपौली के प्रांगण में गुरुवार को शिक्षा विभाग, यूनिसेफ बिहार, बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप एवं जीपीएसभीएस के संयुक्त तत्वावधान में बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ प्रखंड स्तरीय बैठक-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोशल सेक्टर रिकवरी कार्यक्रम के तहत आयोजित बैठक का मुख्य विषय “बाढ़ के बाद विद्यालय का पुनः सुरक्षित संचालन” रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पंकज कुमार ने की।राज्य सलाहकार वीरेंद्र पांडेय ने बाढ़ प्रभावित विद्यालयों को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से पुनः संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की
प्रधानाध्यापकों ने विद्यालय परिसरों में क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचना, पेयजल, शौचालय, बिजली आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी दी। जिला सलाहकार कमल कामत ने कहा कि बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय खोलने से पहले परिसर की सफाई, सुरक्षा जांच, सुरक्षित पेयजल, क्रियाशील शौचालय, जलजमाव की समस्या दूर करने और क्षतिग्रस्त ढांचे की पहचान जरूरी है। उन्होंने विद्यालयों को आवश्यकताओं का आकलन कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में सामाजिक क्षेत्र की पुनर्बहाली एवं सुरक्षित विद्यालय संचालन के लिए विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।


Post a Comment