दिघलबैंक। प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत में एसटी रॉयल टाइगर युवा क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। फाइनल में गोरखा नेपाल की टीम ने झापा नेपाल को हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में नेपाल सहित अररिया, घुलाबाड़ी एवं विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खासा उत्साह रहा। मुकाबले देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों दर्शक मैदान पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक संघर्ष के बाद गोरखा नेपाल की टीम विजेता बनी। आयोजकों की ओर से विजेता टीम को 60 हजार रुपये नकद, कप एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता झापा नेपाल की टीम को 40 हजार रुपये नकद एवं कप प्रदान किया गया। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली अन्य दो टीमों को 7-7 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि मुफ्ती अतहर, विधायक तौसीफ आलम, मुखिया अनिसुर रहमान, बाबूराम मुर्मू, गोपाल टुडू, सुनील हांसदा, सुनीराम सोरेन, सीमोन हांसदा, मो. अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में संचालक सह अध्यक्ष दानियल सोरेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है।
Post a Comment