बहादुरगंज। एनएच-327 ई स्थित आजाद चौक पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बुलेट बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज पूर्णिया के अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पाठामारी थाना क्षेत्र के काशीबाड़ी निवासी शमशेर रजा गुरुवार दोपहर बुलेट बाइक से बहादुरगंज की ओर से अररिया जा रहा था। इसी दौरान आजाद चौक पर क्रॉसिंग के पास डंपर ने बाइक को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शमशेर रजा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। हादसे के बाद एनएच-327 ई पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल डंपर और क्षतिग्रस्त बुलेट बाइक (नंबर बीआर 37 एपी 4476) को जब्त कर लिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
Post a Comment